राजोरी। जिले के लोवरहथल शिक्षा जोन के तहत पड़ने वाले सरकारी हाई स्कूल बरनाड़ा में तैनात एक लेबोरेट्री असिस्टेंट को स्कूली छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करने पर निलंबित कर दूसरे स्कूल में अटैच कर दिया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी चौधरी गुलजार हुसैन की तरफ से जारी नोटिस के अनुसार उन्हें शिकायतें मिल रही थीं कि सरकारी हाई स्कूल बरनाड़ा में तैनात लैब असिस्टेंट सिकंदर कुमार स्कूली छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करता है। इसके चलते छात्राएं स्कूल आने से डरती हैं।
अभिभावकों व गांव के अन्य लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल के हेडमास्टर से मुलाकात कर सिकंदर कुमार लैब असिस्टेंट के बारे में भी शिकायत की। शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सोमवार को लैब असिस्टेंट बिना अनुमति के स्कूल से गैर हाजिर रहा और और छुट्टी का प्रार्थनापत्र भी स्कूल नहीं भेजा। मामले का संज्ञान लेते हुए लैब असिस्टेंट सिकंदर कुमार को निलंबित कर उसे उस सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल ख़वास में अटैच कर दिया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने लैब असिस्टेंट के खिलाफ जांच के लिए एक कमेटी गठित की है। अधिकारी ने सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल नौशेरा और देवक के प्रधानाचार्य और लोवरहथल के जेडईओ को जांच करके एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने के आदेश भी दिए हैं।