राजोरी। ढांगरी में सरकारी डिग्री कॉलेज खोलने की मांग तेज हो गई है। शनिवार को ढांगरी एक्शन कमेटी के एक प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त नजीर शेख से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसका नेतृत्व कमेटी अध्यक्ष रेखा शर्मा ने किया।
रेखा शर्मा ने उपायुक्त से उच्च शिक्षा विभाग को ढांगरी में सरकारी डिग्री कॉलेज के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले कमेटी ने उप राज्यपाल के सलाहकार केके शर्मा से मुलाकात के दौरान ढांगरी में कॉलेज खोलने की मांग की थी। सलाहकार ने उपायुक्त से ढांगरी में डिग्री कॉलेज खोलने को लेकर फिसिबिलिटी रिपोर्ट जमा करने के लिए कहा था। कमेटी सदस्यों ने उपायुक्त से कहा कि ढांगरी में सरकारी डिग्री कॉलेज खोलना समय की मांग है। दूर दराज के विभिन्न गांवों से सैकड़ों बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए राजोरी या कालाकोट जाना पड़ता है। ऐसे में उनका समय आने जाने में ही नष्ट हो जाता है। प्रतिनिधि मंडल में भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पवन शर्मा शामिल रहे।