कहा- सभी औपचारिकताएं पूरा करने के बाद भी जॉब कार्ड नहीं बनाए जा रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। राजोरी ज़िले की कोटरंका ब्लॉक के बड्डाल बी पंचायत के लोगों ने मंगलवार को ब्लॉक विकास अधिकारी कोटरंका के गेट पर धरना दिया और ग्रामीण विकास विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे जावेद इक़बाल ने बताया कि पंचायत के कई लोग जो पहले ग्रामीण विकास विभाग मे मनरेगा के तहत कार्य कर रहे थे उनके जॉब कार्ड बिना किसी कारण डिलीट कर दिए गए और अब उनके मनरेगा के तहत नए जॉब कार्ड बनाने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरा करने के बाद भी जॉब कार्ड नहीं बनाए जा रहे। मोहम्मद नज़ीर ने बताया कि बड्डाल बी पंचायत के लोगों को कभी ख्वास भेजा जाता है, तो कभी कोटरंका भेजा जाता है। बताया कि परेशान लोगों को कोटरंका से ख्वास और ख्वास से कोटरंका के चक्कर काटने के लिए मजबूर किया जा रहा है। मोहम्मद शकील ने बताया कि पहले से ही अज्ञात बीमारी की मार झेल रहे लोगो की कहीं पर भी कोई सुनवाई नहीं की जा रही। इस संबंध में तहसीलदार कोटरंका साहिल अली शाह ने बताया कि नायब तहसीलदार को भेजकर लोगों की मांगों को लिखित में नोट कर लिया है। बीडीओ के कोटरंका पहुंचते ही समाधान शुरू किया जाएगा।