राजोरी के हसप्लोट थन्नामंडी का मामला, विभाग के खिलाफ जताया रोष
संवाद न्यूज़ एजेंसी
राजोेरी। जिला की थन्नामंडी तहसील के हसप्लोट ढाकिया के निवासियों ने क्षेत्र में पेयजल किल्लत पर प्रदर्शन किया। बताया कि दो महीने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जल शक्ति विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन करने वालों में शामिल महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर विभाग के खिलाफ रोष जताया। रोष प्रकट करते हुए बताया कि उनके क्षेत्र में जल शक्ति विभाग ने पाइप तो बिछा दी, लेकिन उनमें पानी नहीं आता है। इस दुर्दशा पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने डीसी अभिषेक शर्मा से हस्तक्षेप की मांग की है। निसार खान, जमशेद खान, उमर भट्ट आदि ने बताया कि सप्लाई प्रभावित होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एई आज़म अहमद ने कहा कि वह पता करेंगे कि ऐसा क्यों है। लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।