नए राशन कार्ड नहीं बनने पर डीलरों ने एसडीएम सुंदरबनी से मिलकर कड़ा रोष जताया। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से उपजिला सुंदरबनी में नियुक्त राशन डीलरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सुंदरबनी करतार सिंह से मिलकर नए सिरे से राशन कार्डों को बनाने में की गई हेराफेरी का आरोप लगाया।
कहा कि कड़ी मेहनत करके उन्होंने लोगों के नए राशन कार्ड बनाने के लिए फार्म भरकर खाद्य आपूर्ति विभाग के पास फार्म जमा करवाए, लेकिन विभाग की तरफ से जारी की गई नई लिस्टों में भारी हेराफेरी हुई है।
इस संबंध में भजवाल के डीलर तेज राम ने कहा कि उन्होंने 1300 के करीब राशन कार्ड बनाने के फार्म भरकर विभाग के पास जमा करवाए, जिनमें से कोई भी राशन कार्ड नहीं बना।
इसी प्रकार से अन्य डीलरों ने भी नए राशन कार्ड बनने में भारी अनियमित्ताएं होने का आरोप लगाया। एसडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों को खाद्य आपूर्ति विभाग के आलाधिकारियों के साथ मिलकर हल किया जाएगा।