राजोरी। जिले के कालाकोट क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई एक युवती को पुलिस ने कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया। एसएसपी राजोरी जुगल मनहास ने बताया कि शुक्रवार को कालाकोट पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए युवती के अभिभावकों ने बताया था कि उनकी बेटी सुबह घर से बाजार आई थी, लेकिन नहीं लौटी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तुरंत युवती की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने युवती का विवरण विभिन्न इलाकों के अलावा रियासी व जम्मू पुलिस के साथ भी साझा किया। शुक्रवार रात जम्मू पुलिस ने लापता युवती को जम्मू-राजोरी हाईवे स्थित अखनूर पुलिस थाने के चौकी चौरा इलाके से बरामद कर लिया। वह एक वाहन में सवार होकर जम्मू की ओर जा रही थी। जम्मू पुलिस ने युवती को कालाकोट पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवती को परिवार के हवाले कर दिया। ब्यूरो