नौशेरा। शुक्रवार देर रात चोरों ने किराने की एक दुकान में सेंध लगाकर नकदी और अन्य सामान चुरा लिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक वेद प्रकाश पुत्र तुलसी दास निवासी लंबेड़ी नजदीक पीरबाबा लंबेडी में किराने की दुकान चलाता है। शुक्रवार को देर रात चोरों ने दुकान के ताले तोड़ कर करीब 13 हजार की नकदी और लगभग 6 हजार रुपये का समान चोरी कर लिया। दुकानदार ने बताया कि वह हर रोज की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था। शनिवार की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो दुकान का ताला टूटा मिला। दुकान से नगदी व सामान गायब था। उसने इसकी रिपोर्ट पुलिस चौकी लंबेड़ी में दर्ज करवाई है। इससे एक माह पहले पीरबाबा लंबेड़ी में दानपात्र तोड़ने का प्रयास किया गया था और एक मस्जिद में भी चोरी हुई थी। ब्यूरो