सुंदरबनी/ नौशेरा। पुलिस की ओर से जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान एक तस्कर को 690 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है। वह टाटा इंडिगो से जम्मू की तरफ जा रहा था। एसएसपी शीमा नबी कस्बा ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस ने पुंछ राजमार्ग पर विशेष नाक लगाया था। इस दौरान वाहनों की तलाशी के दौरान एक टाटा इंडिगो कार न. जेके 02 बी 2493 को रोका गया। तलाशी में कार से 690 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने वाहन जब्त कर डुंगी ब्राह्मणा निवासी लियाकत अली को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। उसकी निशानदेही पर और भी लोग गिरफ्त में आ सकते हैं। प्रेसवार्ता में एएसपी नौशेरा अमित वर्मा, एसडीपीओ जाकिर शाहीन मिर्जा भी मौजूद रहे। संवाद