सुंदरबनी। नगर निवासी रूपाक्षी शर्मा पत्नी शंकर शर्मा की हत्या के मामले में उसके पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज होने के 79 दिन बाद पुलिस ने शुक्रवार को सुंदरबनी मुंसिफ कोर्ट में चालान पेश किया। 16 नवंबर 2020 को रूपाक्षी की अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मायका पक्ष ने रूपाक्षी की हत्या करने का आरोप लगाकर पुलिस से गहराई से जांच करने की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने 174 के तहत मामला दर्ज कर रूपाक्षी शर्मा के शव को डॉक्टरों के बोर्ड की देखरेख में पोस्टमार्टम कराया। बाद में पुलिस की गहनता से की गई जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रूपाक्षी शर्मा की हत्या होने का मामला सामने आया। जिसे अंजाम देने के लिए उसका पति शंकर शर्मा ही दोषी पाया गया । दो फरवरी 2021 को पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर उसके पति शंकर शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को 79 दिन की गहन जांच पड़ताल के बाद चालान को तैयार कर शुक्रवार को सुंदरबनी पुलिस ने मुंसिफ कोर्ट सुंदरबनी में पेश कर दिया ।