राजोरी। राजोरी-जम्मू हाईवे स्थित शहर के फलयाना इलाके में सेना के जनरल अस्पताल के पास एक संदिग्ध बैग मिलने से राजोेरी हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक संदिग्ध काले रंग का बैग सोमवार रात 11 बजे सेना के जनरल अस्पताल के मुख्य गेट के पास पड़ा देखा गया था। जांच के बाद इसमें से दो जोड़ी कपड़े और एक जोड़ी चप्पल बरामद की गई।
सेना के हाई प्रोफाइल इलाके में संदिग्ध बैग मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ समीर जिलानी की अगुवाई में पुलिस टीम के साथ रेजिमेंट के सैन्य दल मौके पर पहुंचे और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। बैग की तलाशी ली गई और बाद में पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। उन्होंने कहा कि उच्च सुरक्षा क्षेत्र में बैग पाए जाने के तुरंत बाद सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है और जम्मू राजोरी हाईवे पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।