राजोरी। रात को अवैध खनन करने वाले खनन माफिया पर कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग की विशेष टीम ने दो जेसीबी और दो टिप्पर जब्त किए हैं। जिला खनिज अधिकारी जेएस पवार ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि राजोरी-जम्मू हाईवे स्थित राजोरी के कल्लर इलाके में कुछ वाहन नदी में अवैध खनन कर रहे हैं। विशेष टीम ने उक्त स्थान पर रात करीब 12 बजे दबिश दी और वहां अवैध खनन करते वाहनों को जब्त किया। अधिकारी ने बताया कि राजोरी के नदी-नालों में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिछले कुछ महीनों में करीब 26 जेसीबी और टिप्पर जब्त किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध खनन कर नदी-नालों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।