राजोरी। जिले में वीरवार को कोरोना संक्रमित तीन और लोगों की मौत हो गई जबकि 93 संक्रमित मामले भी सामने आए हैं। सुंदरबनी, मंजाकोट और पुंछ निवासी तीन लोगों को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जीएमसी राजोरी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया था लेकिन वीरवार को तीनों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जिलाधिकारी राजेश कुमार के आदेशानुसार मृतकों के अंतिम संस्कार कोरोना नियमों के तहत कर दिए हैं। उधर, जिले में 93 नए मामले भी सामने आए हैं। डिप्टी कमिश्नर राजेश कुमार ने बताया कि जहां से कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आ रहे हैं, वहां कांटेक्ट ट्रेसिंग और सैंपलिंग का कार्य जारी है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें संक्रमित हुए लोगों को आइसोलेट करने में व्यस्त हैं, ताकि संक्रमण पर अंकुश लगाया जा सके।