राजोरी। जिले में जहां एक तरफ कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या में थोड़ी ब्रेक लगी है। तो दूसरी ओर पॉजिटिव लोगों का आंकड़ा भी पहले से कम हुआ है। बीते 24 घंटे के दौरान राजोरी में कोरोना से सिर्फ 2 लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि 119 लोग पॉजिटिव आए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार को राजोरी जीएमसी में भर्ती कोरोना संक्रमित सुंदरबनी निवासी एक व्यक्ति और नौशेरा निवासी एक व्यक्ति ने उपचार के दौरान कोरोना से दम तोड़ दिया। उपायुक्त राजेश कुमार शवन के आदेश पर दोनों का अंतिम संस्कार कोविड-19 एसओपी का पालन करके कर दिया गया। उधर शनिवार को जिले में कोरोना पॉजिटिव 119 नए मामले सामने आए हैं। एडीसी ठाकुर शेर सिंह के अनुसार वीरवार को 119 मामले सामने आए हैं उनमें से सुंदरबनी से 18, कालाकोट से 14, राजोरी से 33, दरहाल से 37, नौशेरा से 28 और कंडी से 17 लोगों को पॉजिटिव पाया गया है। एडीसी ने बताया कि जहां-जहां कोरोना पॉजिटिव मामले सामने हैं उन लोगों के कांटेक्ट ट्रेसिंग और सैंपलिंग का सिलसिला भी जारी है।
उपायुक्त ने बताया की जिले में जिस प्रकार से लॉकडाउन को सख्ती से लागू किया गया और युद्ध स्तर पर सैंपलिंग करने का कार्य शुरू किया गया उसी से धीरे-धीरे पॉजिटिव मामले कम होने लगे हैं, और मौत के आंकड़ों में भी कमी आई है। उपायुक्त ने बताया कि राजोरी में कोरोना की रिकवरी रेट भी काफ़ी अच्छा है। शनिवार को भी कोरोना पॉजिटिव 204 लोग कोरोना को मात दे स्वास्थ्य हुए हैं और अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटे हैं। उपायुक्त के अनुसार पांच दिन में राजोरी में करीब 900 पॉजिटिव ने कोरोना को मात दी है।