सुंदरबनी। नगर में शुक्र वार शाम से कोरोना चेन को तोड़ने के उद्देश्य से लगाए गए वीक एंड कर्फ्यू के दौरान पूरी तरह से बाजार बंद रहे और लोगों ने भी घरों के अंदर रहकर वीक एंड कर्फ्यू का पालन किया। शुक्र वार देर शाम से सोमवार सुबह तक प्रशासन की तरफ से लगाए गए वीक एंड कर्फ्यू के कारण शनिवार सुबह सुंदरबनी नगर में जरूरी सेवाओं वाली दुकानों को सुबह दस बजे तक खोलने के बाद फिर से बंद कर दिया गया। हालांकि दवा की दुकानें दिन भर खुली रहीं, लेकिन बाकी दुकानें बंद ही रहीं। लोगों ने भी वीक एंड कर्फ्यू का पालन किया और घरों से बाहर नहीं निकले। बाजार में वहीं लोग पहुंचे जिन्हें जरूरी काम था। इसी बीच स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शनिवार को भी विभिन्न गांवों में की गई कोविड-19 टेस्टिंग के दौरान रिकार्ड 75 कोरोना संक्रमण के मरीज मिलने के बाद लोगों में दहशत और बढ़ गई। क्योंकि एक सप्ताह से सुंदरबनी में हर रोज संक्रमण के मरीज बढ़ते ही जा रहे हैं।