राजोरी। 60 घंटे के कोरोना कर्फ्यू के खत्म होने के बाद सोमवार को राजोेरी में लॉकडाउन खत्म कर दुकानें खुलने पर असमंजस करीब 10 बजे उस समय खत्म हुआ, जब डीसी के हस्तक्षेप के बाद दो नंबर वाली दुकानें खोलने की अनुमति मिली। दरअसल 60 घंटे का कोरोना कर्फ्यू खत्म होने से पहले ही रविवार को डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट राजेश कुमार शवन ने 10 मई तक करोना कर्फ्यू बढ़ाने की घोषणा कर दी थी।
डीसी की इस घोषणा के तत्काल बाद उच्च अधिकारियों ने एक नोटिस जारी कर बताया कि किसी भी डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट को कर्फ्यू लगाने या लॉकडाउन लगाने की अनुमति तब तक नहीं होगी जब तक वह डिजास्टर मैनेजमेंट कमेटी से इसकी सलाह नहीं करेगा। वहीं रविवार की देर रात तक और फिर सोमवार की सुबह तक लोग डीएम के इस आदेश का इंतजार करते रहे कि कर्फ्यू हटा कर बाजार खोलने की अनुमति देंगे, लेकिन डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट की ओर से ऐसा कोई आदेश सुबह तक जारी नहीं हुआ, जिसके चलते असमंजस की स्थिति बनी रही। वहीं सुबह नगरपालिका के काउंसलरोें ने इवन नंबर वाली दुकानें खोलने की घोषणा की, जिसके बाद दो नंबर वाली दुकानें खोलने का सिलसिला शुरू हो गया, लेकिन दो नंबर वाली दुकानें खोलने की जानकारी जब एक नंबर वाली दुकानों के मालिकों को मिली तो उन्होंने भी बाजार में आकर अपनी दुकानें खोली और शोर मचाना शुरू कर दिया। एक नंबर के दुकानदारों का कहना था कि शुक्रवार को उनकी दुकान बंद रही थी और शनिवार और रविवार को लॉकडाउन के बाद सोमवार को उनका ही नंबर आता है, लेकिन प्रशासन ने गलत तरीके से दो नंबर वाली दुकानें खोलने की अनुमति दी है। इस बात को लेकर मुख्य शहर में कुछ दुकानदारों के बीच में तू-तू मैं-मैं होने लगी जिसके बाद प्रशासन तत्काल हरकत में आया और डीसी ने स्वयं बाजार का दौरा कर दो नंबर वाली दुकानें खुलवाने का आदेश दिया। डीडीसी के हस्तक्षेप के बाद दो नंबर वाले दुकानदार ने अपनी दुकानें खोल दी लेकिन इस से भी एक नंबर के दुकानदारों के बीच में जिला प्रशासन के प्रति रोष बना रहा।