राजोरी। राजोरी में कोरोना संक्रमित लोगों की मौत का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। शुक्रवार को कोरोना संक्त्रस्मित 3 और लोगों की मौत हो गई। इस तरह से राजोरी में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 42 पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार राजनेता एवं सेवानिवृत्त एडीसी अजाज मिर्जा को कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उपचार के लिए अमृतसर ले जाया गया। जहां शुक्रवार दोपहर बाद उनकी मौत हो गई। उधर राजोरी टाउन निवासी समाजसेवी विजय गुप्ता को भी कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद परिवार के लोग कुछ दिन पहले लुधियाना ले गए थे। लुधियाना में उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह विजय गुप्ता ने भी आखिरी सांस ली। राजोरी जीएमसी में भर्ती वार्ड-12 निवासी एक व्यक्ति को भी कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जीएमसी में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। शुक्रवार सुबह उनकी भी मौत हो गई। जिले में शुक्रवार को कोरोना से तीन मौतें होने के बाद कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 42 पहुंच गया है।
उधर शुक्रवार को जिले में कोरोना संक्रमित 32 नए मामले सामने आए हैं। एडीसी शेर सिंह के अनुसार जो नए 32 मामले सामने आए हैं उनमें से कालाकोट से 15, राजोरी से 7, थन्नामंडी से 4, दरहाल से 2, नौशेरा से 2 और सुंदरबनी से 1 व्यक्ति को कोरोना संक्रमित पाया गया है।