जिले के मैदानी इलाकों में शनिवार रात और रविवार हलकी बूंदाबांदी और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी होने से ठिठुरन काफी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, थन्नामंडी, बुद्धल दरहाल आदि क्षेत्रों के पीर पंजाल के पहाड़ों पर शनिवार रात को बर्फबारी होने से शीत लहर का कहर बढ़ गया है।
रविवार को दिनभर सर्द हवाएं चलने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दिन में रुक-रुक कर हलकी बूंदाबांदी भी होती रही। सर्द हवाओं के कारण बाजार में सन्नाटा ही पसरा रहा। सड़कों पर भी रौनक कम ही देखने को मिली।
ठिठुरन से बचने के लिए लोग घरों में ही रहे। ठंड से बचने के लिए आग का सहारा भी लिया गया। बीजीएसबी विवि के मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब पांच डिग्री मापा गया है। रात को पारे में और भी गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।