कहा-लंबे समय से खस्ताहाल सड़क की नहीं कराई जा रही मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जिले के थन्नामंडी में मंगलवार को थन्नामंडी-राजोरी मार्ग पर कार खाई में गिर गई। हादसे में दादा की मौत और पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार कार नंबर (जेके11जी-6280) थन्नामंडी से राजोरी की ओर आ रही थी। उसमें तीन लोग सवार थे। सौड़ा पुल के पास चालक के नियंत्रण खोने से कार 100 फुट खाई में गिर गई। लोगों की मदद से पुलिस ने तीनों घायलों को थन्नामंडी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने गुलजार हुसैन निवासी प्लांगड़ (थन्नामंडी) को मृत घोषित कर दिया। घायल मोहिब अहमद (3) और उसके पिता सिकंदर हुसैन को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया गया। यहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
उधर, हादसे के बाद लोगों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि सड़क के एक हिस्से पर बहुत ज्यादा गड्ढे हैं। विभाग के अधिकारी आश्वासन ही देते रहे हैं। सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। टूटी सड़क से आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।