थन्नामंडी तहसील के शाहदरा शरीफ क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में चार विद्यार्थी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार से सरकारी डिग्री कालेज थन्नामंडी के दो छात्र और दो छात्राएं शाहदरा शरीफ की पवित्र जियारत पर माथा टेकने जा रहे थे।
तभी शाहदरा शरीफ से कुछ दूरी पर ही एक तीव्र मोड़ पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन को रास्ता देते समय कार चालक अपना संतुलन खो बैठा और कार करीब 25 फुट खाई में जा गिरी। जिससे चारों विद्यार्थी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने चारों को थन्नामंडी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। थन्नामंडी के ब्लाक चिकित्सा अधिकारी डा. इकबाल मलिक के अनुसार अस्पताल में दो छात्राएं अफसाना कोसर निवासी महोर जिला रियासी व मिस्भाह शमशीर निवासी दरहाल और दो छात्र मोहम्मद समीर और सूफियान शाल निवासी दरहाल को भर्ती किया गया था।
तीन की हालत स्थिर बताते हुए बीएमओ ने एक छात्रा अफसाना कोसर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।