संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के सातवें जत्थे में आए 876 यात्रियों का वीरवार को राजोरी के आधार शिविर में ढोल की थाप और फूलों की बौछार से स्वागत किया गया। 23 वाहनों में सवार यात्री जैसे ही आधार शिविर पहुंचे तो बम बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
जानकारी के अनुसार सातवें जत्थे में महाकौशल (मध्य प्रदेश) से 444, काशी से 57, उत्तराखंड से 270, गौरक्षा (उत्तराखंड) प्रांत से 63, बृज प्रांत से 4, देवगिरि (उत्तराखंड) से 15 और 23 अन्य यात्रियों ने राजोरीवासियों से मिले स्नेह पर आभार जताया। कहा कि वे इस आतिथ्य को नहीं भूल पाएंगे। यात्रा प्रमुख तरश्वी उपाध्याय प्रांत सह संयोजक महाकौशल, यशपाल राजहंस प्रांत गौरक्षा प्रमुख उत्तराखंड, सह प्रमुख आनंद शुक्ला प्रांत सह संयोजक काशी प्रांत, सुमित कुशवाह गौरक्षा प्रांत, प्रमुख अतिथि सुरेंद्र सिंह प्रांत संगठन मंत्री महाकौशल, उमेश माधव मिश्रा प्रांत मंत्री महाकौशल, राजेन्द्र सिंह प्रांत सत्संग प्रमुख ने बताया कि यह भोले की कृपा है कि वर्षो से उन्हें बाबा के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। वहीं, राजोरी में थोड़ी देर विश्राम करने, ढोल पर नाचने और भोजन ग्रहण करने के बाद यात्री कड़ी सुरक्षा के बीच पुंछ रवाना हो गए। जबकि, पुंछ से महादेव के दर्शन कर राजोेरी पहुंचे छठे जत्थे ने भी विश्राम किया और भंडारा ग्रहण कर जम्मू रवाना हो गया।