सुंदरबनी। सुंदरबनी में बिजली की जबरदस्त कटौती के कारण लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग की तरफ से शाम और सुबह की जाने वाली कटौती से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दिन के समय की जा रही कटौती के कारण बिजली पर आधारित काम करने वालों की परेशानियां भी बढ़ती ही जा रही हैं।
इस संबंध में सुंदरबनी में बिजली पर निर्भर बेल्डिंग का काम करने वाले दुकानदारों संजय कुमार, सतपाल, अशोक कुमार, संजीव कुमार, नीरज कुमार आदि ने कहा कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर वेल्डिंग का काम शुरू किया है, जिससे परिवार की रोजीरोटी कमा रहे हैं, लेकिन बिजली कटौती के कारण काम पर विपरीत असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार से बिजली बंद की जाती है, जिससे वह लोग काम नहीं कर पा रहे हैं। तो ऐसे में उन्हें बैंक की किस्तें अदा करने में भी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई कि बिजली की अनियमित कटौती बंद करके उनकी पेश आ रही परेशानियों को दूर किया जाए। संवाद