जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सोमवार को बारूदी सुरंग की चपेट में आने से सेना का एक पोर्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नौशेरा सेक्टर के अग्रिम इलाके में सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि पोर्टर का दायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायल की पहचान लांगर गांव निवासी कृष्ण लाल के रूप में हुई है। वह अग्रिम इलाके से गुजर रहा था तभी अचानक उसका पैर जमीन में बिछी एंटी-पर्सनल बारूदी सुरंग पर पड़ गया और जोरदार धमाका हो गया। हादसे के तुरंत बाद उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि एलओसी के अग्रिम इलाकों में घुसपैठ रोकने के लिए बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं। हालांकि, भारी बारिश के दौरान इनमें से कुछ सुरंगें अपनी जगह से खिसककर बह जाती हैं। ऐसे में वे आसपास के इलाकों में पहुंचकर स्थानीय लोगों और वहां काम करने वाले लोगों के लिए खतरा बन जाती हैं।