राजोरी। राजोरी जिले की थन्नामंडी तहसील के मन्याल गली क्षेत्र में वीरवार शाम को आतंकियों की ओर से पुलिस की एसओजी पार्टी के वाहनों को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड फेंका गया था लेकिन उसका वाहनों से दूर कहीं विस्फोट हुआ था।
रात को ही सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से क्षेत्र की घेराबंदी कर ली थी और शुक्रवार सुबह होते ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया था। सेना व पुलिस की एसओजी और सीआरपीएफ ने थन्नामंडी के मन्याल गली, आज़मताबाद, शाहदरा शरीफ, डीकेजी व भंगाई आदि जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद भी ली और दिन भर तलाशी अभियान चलाते रहे लेकिन कोई आतंकी सुरक्षाबलों के हाथ नहीं लगा। सेना, पुलिस व सीआरपीएफ ने लोगों के घरों में भी पूछताछ की लेकिन आतंकियों का कोई सुराग नहीं मिला।