राजोरी के पहाड़ी इलाकों में हुई बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित फसल।
राजोरी। जिले की कोटरंका सब डिवीजन के दराज, मोड़ा आदि गांव में शुक्रवार की दोपहर बाद तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे मक्की और धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद अचानक पहले काले बादल छा गए और फिर तेज बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं और बाद में ओलावृष्टि होने के चलते मक्की और धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मक्की और धान की फसल कुछ ही दिनों के बाद काटने के लिए तैयार थी, लेकिन शुक्रवार को हुई ओलावृष्टि और तेज हवाओं और बारिश ने बुरी तरह से बर्बाद कर दिया। इसके चलते किसानों को बहुत नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने बताया कि पहले जब मक्की और धान फसल लगाने का समय था तो उस समय भी बारिश होने के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा था। जो फसलें बची थीं वह अब काटने से पहले बारिश और ओलावृष्टि की भेंट चढ़ गई है। वहीं पीड़ित किसानों ने सरकार व प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि वे तत्काल नुकसान का आकलन करें और उन्हें मुआवजा प्रदान करें। ताकि वो अपने बाल बच्चों का पालन-पोषण कर सकें।
उधर राजोरी में भी शाम को हुई बूंदाबांदी के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। करीब 5 बजे शुरू हुई बूंदाबांदी का सिलसिला समाचार लिखने तक जारी रहा।