राजोरी। मनकोट पंचायत की विभिन्न गांवों के लोगों ने सोमवार को जल शक्ति विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शनिवार को प्रदर्शन कर एक्सईएन और एईई का पुतला जलाया। मनकोट के सरपंच योगेश शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सरपंच ने बताया कि मनकोट पंचायत की 3, 4 गांवोें में 7 माह से जलापूर्ति बंद है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी विभाग की आंख नहीं खुली और लोगोें कोई सुध नहीं ली। सरपंच के अनुसार तीन चार गांवों को जोड़ने वाली मेन पाइप मुहैया नहीं की गई है, जिसके चलते पानी लोगों के घर तक नहीं पहुंच पा रहा है। लोग दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। सरपंच ने बताया कि कई बार विभाग के अधिकारियों से मिलकर इस मुद्दे को हल करने की गुहार लगाई है। उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया और लोगों को राम भरोसे छोड़ दिया है।
सरपंच ने बताया कि धनाढ्य परिवारों के लोग तो गाड़ियों पर पानी मंगा लेते हैं, लेकिन गरीब परिवारों को पानी के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। उन्होंने उपायुक्त से गुहार लगाई कि तत्काल पाइप मुहैया करा कर आपूर्ति बहाल की जाए।