पुंछ में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते नेकां कार्यकर्ता।
पुंछ। मेंढर में नेशनल कांफ्र्रेंस (नेकां) की तरफ से 370 और 35ए को दोबारा लागू करने और हाल ही में पारित भूमि कानून को वापस लेने की मांग को लेकर केंद्र सरकार, भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक जम्मू-कश्मीर में पहले जैसा दर्जा बहाल नहीं होता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
मेंढर कस्बे में नेकां कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। जहां से उन्होंने पूर्व विधायक जावेद अहमद राणा और सरपंच शेराज असगरी की अगुवाई में केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जुलूस निकाला। जो कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए बस अड्डे पहुंचा। जावेद राणा ने केंद्र सरकार और भाजपा के 370 और 35 ए को हटाने की आलोचना करते हुए उसे दोबारा बहाल करने की मांग की। केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपनी मनमर्जी के कानून लागू कर रही है। जिसे किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। हम लोगों ने जिस प्रकार दशकों से पाकिस्तानी गोलाबारी को सहन किया है हम पीछे नहीं हटे हैं। उसी तरह हम कें द्र सरकार और भाजपा की ज्यादतियों के खिलाफ भी डटे रहेंगे और 5 अगस्त 2019 के पहले की स्थिति को बहाल कराए बिना पीछे नहीं हटेंगे।