राजोरी में प्रदर्शन करते जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारी।
राजोरी। जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी बनाने, वर्षों से रोका गया वेतन जारी करने व अन्य मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर दैनिक वेतनभोगी कर्मियों का धरना-प्रदर्शन अभी जारी है। सोमवार को उन्होंने विभाग के एक्सईन कार्यालय के बाहर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने कहा कि पूर्व सरकार ने अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी बनाने के लिए एसआरओ-520 को मंजूरी दी थी, लेकिन अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने दस्तावेज की प्रक्रिया को पूरा कर लिया है। इसके बावजूद उपराज्यपाल शासन में इसको लेकर कुछ नहीं किया जा रहा है। इसको लागू न किए जाने के कारण अस्थायी कर्मचारी स्थायी नहीं बन पा रहे हैं। सरकार ने करीब पांच वर्ष से अस्थायी कर्मचारियों को वेतन नहीं जारी किया है। वेतन न मिलने के कारण हजारों अस्थायी कर्मचारी आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। इसी कारण कर्मचारी कर्ज के बोझ तले दब चुके हैं। मौजूदा समय में कर्मचारियों के पास परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी राशि नहीं बची है। कई बार मांग करने के बाद भी सरकार अस्थायी कर्मचारियों का वेतन नहीं जारी कर रही है। कर्मचारियों ने उप राज्यपाल शासन से बहुत ज्यादा उम्मीदें लगाई थी, लेकिन अब सभी निराश हो चके हैं।