राजोरी के स्थानीय लोगों का बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
राजोरी। बिजली के भारी बिल के लिए विभाग के खिलाफ बुधवार को बस स्टैंड में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगों के साथ पार्षद संजय शर्मा भी शामिल रहे। इस दौरान दुकानदारों ने दुकानें बंद कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
विरोध करने वालों ने मीटर रीडर को सही प्रकार से पढ़ने के बाद बिल बनाने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पीडीडी कार्यालय में कंप्यूटर पर जो कर्मचारी काम करते हैं वो लापरवाही से काम करते हैं। घरेलू कनेक्शनों के लिए भारी भरकम बिल भेज देते हैं। बिना मीटर को पढ़े ही बिल बनाकर भेजे जा रहे हैं जिससे उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। विरोध कर रहे उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि राजोरी स्टेशन में कंप्यूटर पर अधिकारियों ने अपनी मर्जी के अनुसार बिल तैयार किए और मीटरों से खपत को पढ़ने की जहमत तक नहीं उठाई। संजय शर्मा ने कहा कि उपायुक्त मोहम्मद नजीर शेख एक समर्पित अधिकारी हैं और बहुत ईमानदारी और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी कमान और नियंत्रण के तहत लोगों ने निचले स्तर पर आतंक और भ्रष्टाचार की लहर फैला रखी है। शर्मा ने कहा कि जो मीटर रीडर राजोरी में काम कर रहे हैं, उन्हें जल्द ट्रांसफर कर नए मीटर रीडर नियुक्त किये जाएं। स्थानीय विरोध करने वाले लोगों ने डीसी राजोरी से अनुरोध किया कि मीटर रीडर को तुरंत स्थानांतरित किया अन्यथा वे सड़कों पर विरोध करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।