राजोरी में सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लोग।
राजोरी। जिले की कोटरंका सब डिवीजन में बनाए गए ट्राइबल स्मार्ट में बुनियादी सुविधाओं की कमी झेल रहे लोगों ने जोरदार प्रदर्शन कर रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि स्मार्ट विलेज मात्र कागजों में ही बनाया गया है। जमीनी स्तर पर कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट विलेज के नाम पर लाखों रुपये हड़प लिए गए हैं, लेकिन लोगों को सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं मिला। प्रशासन ने कुछ स्थानों पर मात्र बोर्ड लगा कर कागजों में स्मार्ट विलेज बना कर खानापूर्ति कर ली है। गांव की 2 पंचायतों की करीब 10 हजार जन संख्या वाले गांव के लोग बिजली, पानी, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं की गई हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्मार्ट विलेज के नाम पर आए फंड्स को कहां लगाया गया है। इसकी सीबीआई से जांच कराई जाए। उन्होंने उपराज्यपाल से अपील की कि वो स्मार्ट विलेज के लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को निर्देश दें।