सुंदरबनी। जलशक्ति विभाग में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों के नौकरी को पक्का करने के साथ पांच वर्ष का बकाया वेतन देने की मांग को लेकर शुक्रवार देर शाम से शुरू की गई 72 घंटे की काम छोड़ हड़ताल के कारण क्षेत्र में जल संकट गहराने लगा है। हालांकि विभाग की तरफ से स्थायी कर्मचारियों की सेवाएं बढ़ाकर शनिवार को कुछ क्षेत्रों में एक-एक कर्मचारी को तीन-तीन स्कीमों पर भेज कर कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जरूर किया गया, लेकिन सुंदरबनी शहर तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में नियुक्त स्थायी कर्मचारियों की संख्या बहुत कम होने के कारण अधिकांश क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। शुक्रवार को कुछ टैंकों में दिन के समय की गई पंपिंग के कारण पानी के स्टोर होने पर शनिवार को स्थायी कर्मचारियों ने तीन-तीन जगहों पर सेवाएं देकर पानी की आपूर्ति कर दी, लेकिन रविवार को क्षेत्र में जल संकट और भी गहराएगा, जिससे आम लोगों के साथ-साथ विभाग को भी परेशानियों का सामना करना पडे़गा। संवाद