बुद्धल में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
राजोरी। जिले के बुद्धल तहसील के केवल गांव क्षेत्र में पेयजल की किल्लत से जूझ रहे लोगों ने मंगलवार को जल शक्ति विभाग के खिलाफ सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई। लोगों ने राजोरी-बुद्धल सड़क मार्ग जाम कर प्रदर्शन करते हुए कहा कि यदि विभाग ने जल्द आपूर्ति बहाल नहीं की तो वे बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।
लोगों ने विभाग पर सुस्त कार्यप्रणाली का आरोप लगाते हुए कहा कि दो सप्ताह से जल शक्ति विभाग की पाइपों से पानी नहीं आया है। निवासी राजेश कुमार, सुमित शर्मा, मोहम्मद इकबाल आदि ने बताया कि दो सप्ताह में कई बार विभाग कार्यालय जाकर आपूर्ति सुचारु बनाने की गुहार लगाई गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। तो मजबूर होकर लोगों को प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पीएचई आपूर्ति ठप होने के बाद उन्हें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने पीएचई विभाग व जिला प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जाए ताकि झुलसा देने वाली गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिलाया कि विभाग से संपर्क कर जल्द आपूर्ति बहाल की जाएगी।