राजोरी के सीमा मोड़ क्षेत्र से बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी को जाने वाली सड़क के निर्माण की म
राजोरी। सीमा मोड़ क्षेत्र से बाबा गुलाम शाह बादशाह (बीजीएसबी) यूनिवर्सिटी को जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार को प्रदर्शन किया गया। सीमा मोड़, ढनीधार आदि क्षेत्रों में रहने वाले लोगों ने सड़क जाम कर इसके जल्द निर्माण की गुहार लगाई।
प्रदर्शनकारियों पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बताया कि वर्षों से सड़क का काम किया जा रहा है, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका। कभी विभाग और प्रशासन कहते हैं कि सड़क डबल लेन की जाएगी, लेकिन इस रोड की सिंगल लेन इतनी खस्ता है कि वाहनों का चलना तो दूर पैदल चलना भी संभव नहीं है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से हादसे होने की आशंका हर समय बनी रहती है। दुकानदार सड़क से उठने वाली धूल मिट्टी से बहुत परेशान हैं। सड़क से उड़ने वाली धूल मिट्टी लोगों के लिए बीमारियों का कारण बन रही है। लोग परेशान हैं, लेकिन प्रशासन और विभाग को किसी की कोई चिंता नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्दी रोड का कार्य पूरा नहीं किया गया तो उग्र प्रदर्शन करेंगे।