राजोरी में प्रदर्शन करतीं आंगनबाड़ी वर्कर्स।
राजोरी। सरकारी कर्मचारी घोषित करने, बकाया वेतन जारी करने और कई अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को आंगनबाड़ी वर्कर्स ने राजोरी में धरना प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी वर्कर्स वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि काफी समय पहले सरकार ने आंगनबाड़ी वर्कर्स की ड्यूटी का समय बढ़ा कर छह घंटे कर दिया। अगर समय बढ़ाया गया है तो इससे पहले सभी को सरकारी कर्मचारी घोषित कर सरकारी कर्मियों का लाभ दिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने 11 हजार रुपये तक वेतन किए जाने की मांग की।
इसके अलावा यह भी बताया कि करीब आठ माह से उन्हें वेतन जारी नहीं किया गया है। वर्षों से सभी स्थायी कर्मचारी बनाने, ग्रेच्युटी व ईपीएफ की स्कीम को लागू करने व अन्य कई लंबित मांगों को शांति पूर्ण तरीके से सरकार के सामने रख कर पूरी करने की अपील कर रही है, लेकिन सरकार इनको पूरा करने के बजाय ड्यूटी के समय में बढ़ोतरी कर परेशानी को बढ़ाने का काम कर रही है। इसी के विरोध धरना-प्रदर्शन किया गया। कहा कि अगर मांगों को पूरा नहीं किया तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।