राजोरी। दरहाल क्षेत्र में सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि टंडवाल इलाके में 4 दिन पहले बिजली का खंभा गिरने से घायल हुए व्यक्ति ने लुधियाना में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार दरहाल तहसील के उज्जान इलाके में एक ट्रैक्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। कंडी पुलिस थाने के तहत पड़ने वाले हुब्बी क्षेत्र का निवासी ट्रैक्टर चालक शाहिद अफरीदी दरहाल के उज्जान में किसी जमीन को जोतने के लिए ट्रैक्टर चला रहा था। इस बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर खाई में जा गिरा। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर राजोरी के टंडवाल निवासी सुरेश शर्मा नामक एक व्यक्ति चार दिन पहले बिजली के खंभे पर काम करते समय गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। जीएमसी राजोरी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ती देख परिवार के लोग उसे उपचार के लिए लुधियाना ले गए। जहां उसकी वीरवार की रात उपचार के दौरान मौत हो गई।