राजोरी के चिंगस इलाके में सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल की छत पर नमाज के लिए चबूतरा बनवाने के मामले में शिक्षा विभाग ने अरबी लेक्चरर को निलंबित कर दिया। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद प्रशासन ने जांच कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है और आगे की कार्रवाई पर नजर रखी जा रही है।
जिले के चिंगस इलाके में सरकारी स्कूल के लेक्चरर ने नमाज पढ़ने के लिए स्कूल की छत पर ही चबूतरा तैयार करवा लिया। शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए लेक्चरर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन
मामला सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल चिंगस का है। स्थानीय लोगों ने शनिवार को स्कूल में पहुंचकर आपत्ति जताई। लोगों ने लेक्चरर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर मामला दर्ज नहीं किया गया तो विरोध प्रदर्शन करेंगे।
डीसी अभिषेक शर्मा ने सूचना मिलने पर तत्काल मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) को स्कूल का दौरा कर जांच कर रिपोर्ट साैंपने के निर्देश दिए। इसके बाद सीईओ मोहम्मद हाफिज शेख ने जिला शिक्षा योजना अधिकारी के साथ स्कूल का दाैरा किया। जांच में पाया गया कि स्कूल के नए भवन की छत पर लेक्चरर (अरबी) डॉ. मुनव्वर हुसैन ने चबूतरा बनाया है। इसका इस्तेमाल नमाज पढ़ने के लिए किया जाना था।