राजोरी। जिले के बुद्धल क्षेत्र में पिछले करीब दस दिनों से पेयजल सप्लाई ठप होने से लोगों में कड़ा रोष है। पीएचई विभाग के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट करते हुए लोगों ने प्रदर्शन किया। बुद्धल के सरपंच बदर दीन ने विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि दस दिन में कई बार सप्लाई सुचारु बनाने के लिए गुहार लगाने के बाद भी किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। कहा कि बारिश के मौसम में भी लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। यहां तक कि लोगों के घरों में शौचालय तक जाने के लिए पानी नहीं है। विशेषकर महिलाओं व स्कूली बच्चों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुद्धल यूनाइटेड फ्रंट के चेयरमैन फारूक इंकालबी ने पीएचई विभाग और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को बुनियादी सुविधाएं भी सही प्रकार से नहीं मिल रही हैं। सरकारी राशन हो या फिर बिजली, पानी, लोगों को प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ रहा है। क्षेत्र में पीएचई के अधिकारियों से कई बार सप्लाई को जल्द सुचारु बनाने के लिए कहा गया, लेकिन ही बार केवल आश्वासन ही दिलाया गया। बार बार मिलने वाले झूठे आश्वासनों से तंग आकर लोगों ने प्रदर्शन का सहारा लिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बुधवार सुबह तक सप्लाई को सुचारु नहीं बनाया गया तो सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन होगा।