राजोरी। पहाड़ी मूवमेंट राजोरी ने सरकार से पहाड़ियों को एसटी का दर्जा देने की मांग पर मंगलवार को बुद्धल में प्रदर्शन किया। मूवमेंट के वरिष्ठ नेता शाहवाज मुगल ने कहा कि पिछले तीस साल से पहाड़ी एसटी का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुध नहीं ले रहा। रियासत के 20 लाख पहाड़ी युवा अपने भविष्य को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इससे पहले बुद्धल के रेस्ट हाउस में कई पहाड़ी लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। मूवमेंट के अन्य नेता विजय कोचर ने कहा कि पिछले कई साल से वे लोग हर जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार के मंत्रियों के समक्ष भी मांग उठाई गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सरकार ने बोला था कि पहाड़ियों को एसटी का दर्जा दिया जाएगा, लेकिन चुनाव भी हो गए। कोई अमल नहीं हुआ। इसलिए अब एक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। मूवमेंट ने बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी में पहाड़ियों का आरक्षण 50 फीसदी करने की भी मांग उठाई है।