राजोरी। यूनिवर्सल स्पोर्ट्स क्लब द्वारा शहर में दो दिवसीय मार्शल आर्ट प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्कूलों के करीब 200 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर चीफ कोच चरन सिंह सलाथिया ने बताया कि बच्चों को राज्य के पांच स्वर्ण पदक विजेताओं द्वारा विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दो दिन के इस शिविर को शनिवार को युवा मामले एवं खेल विभाग के जिला अधिकारी मोहम्मद अयाज खान ने उद्घाटन किया। खान ने कहा कि मार्शल आर्ट के प्रशिक्षण से स्कूली बच्चे अपने आप की रक्षा करने के गुर सीख पाएंगे। यह गुर सीखने से छात्राएं किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आत्मनिर्भर हो जाएंगी। रविवार को शिविर के समाप्ति के बाद कुछ बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।