राजोरी। जिला पुलिस ने शनिवार को कोर्ट के निर्देश पर करीब तीस साल से किए गए अवैध कब्जे को हटाकर 27 कनाल भूमि जमीन मालिक को सौंपा दिया। हालांकि कब्जे को हटाने के दौरान हिंसक झड़प होने की आशंका के चलते पुलिस ने पूरी तैयार की थी, लेकिन घटनास्थल पर इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई। अलबत्ता करीब तीस वर्षों की लंबी कानूनी जंग के बाद उक्त जमीन के मालिक को अपनी जमीन दोबारा मिल गई। जानकारी के अनुसार डन्नीधार के निवासी मो. आयूब, पुत्र शाह मोहम्मद ने स्थानीय निवासी डा. विजय गुप्ता की 27 कनाल दस मरले जमीन पर जबरन अवैध कब्जा कर लिया था। इस अवैध कब्जों को हटाने को लेकर कई बार प्रयास किए गए, लेकिन नतीजा शून्य ही रहा। वहीं बाद में इस मामले को लेकर विज गुप्ता कोर्ट की शरण में चले गए तथा वहां चली लंबी कानूनी जंग के बाद आज शनिवार को आखिरकार डा. विजय गुप्ता को अपनी जमीन दोबारा मिल गई।