राजौरी । घातक कोरोना वाईरस के चलते किये गए लॉकडाउन के दौरान बेरोज़गार हुए श्रमिको की सहायता के लिए जिला प्रशासन ने आर्थिक सहायता जारी की है। जानकारी के अनुसार श्रमिकों की सहायता के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तेहत जिला विकास आयुक्त राजौरी मोहम्मद नजीर शेख ने 20 लाख रुपये की राशि जारी की। डीसी ने सहायक श्रमायुक्त राजौरी,अंगरेज सिंह की उपस्थिति में डीबीटी के लिए जेके बैंक प्रबंधक को चालान सौंप दिया है। यह बताया गया कि राजौरी जिले में दो हजार सक्रिय असंगठित निर्माण श्रमिक हैं, जो कोरोनावायरस महामारी के कारण लॉकडाउन के दौरान बेरोजगार हैं। डीसी ने कहा कि बीस लाख रुपये की राशि जारी की गई है और प्रत्येक श्रमिक के लिए एक हजार के साथ दो हजार पंजीकृत श्रमिकों के खातों में जमा किया जाएगा और यह प्रारंभिक सहायता है। डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन राजौरी ने लॉकडाउन के प्रभाव से निपटने के लिए कई उपाय किए हैं। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन राजौरी राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के बीच अपने घरों में फंसे जनता, मजदूरों और प्रवासी कामगारों को सभी सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।