सड़क की मरम्मत न करने पर फूटा गुस्सा
घंटों सड़क जाम कर पीडब्ल्यूडी के खिलाफ किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
राजोरी। जिले के कोटरंका सब डिवीजन के तहत पड़ने वाले धार साकरी इलाके को जिला मुख्यालय व सब डिवीजन से जोड़ने वाली एकमात्र सड़क की मरम्मत न करवाने पर वीरवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने करीब दो घंटे तक राजोरी बुद्धल सड़क मार्ग जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पीडब्ल्यूडी के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछले कई साल से सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता देते हैं। आलम यह है कि सड़क पर वाहनों का चलना तो दूर पैदल चलना भी संभव नहीं है। सड़क की खस्ता हालत के चलते वाहन चालक उस रूट पर जाते ही नहीं हैं और उसका सीधा असर गरीब लोगों पर पड़ता है। आम लोगों के साथ स्कूल कालेज आने जाने वाले विद्यार्थियों और मरीजों को भी पैदल ही यहां-वहा आना-जाना पड़ता है। पीडब्ल्यूडी विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते गांव के लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिला कर शांत करवाया कि पुलिस जल्द संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के समाधान का प्रयास करेगी।