राजोरी। डीसी मोहम्मद एजाज असद ने सोमवार को पंचायत और निकाय चुनाव की तैयारी की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने बताया कि अधिसूचना जारी करने की तारीख 18 सितंबर है। नामांकन करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर है। जांच के लिए तिथि 26 सितंबर है। नामांकन वापस लेने के लिए अंतिम तिथि 28 सितंबर है, जबकि मतदान की तारीख आठ अक्तूबर है। वोटों की गिनती 20 अक्तूबर को होगी। डीसी ने विभिन्न कार्यों के लिए नियुक्त 12 नोडल अधिकारियों के साथ भी बातचीत की।
एमसीसी और कानून-व्यवस्था के कार्यान्वयन की ड्यूटी एडीसी ठाकुर शेर सिंह को सौंपी गई है। इसी तरह राजोरी विकास प्राधिकरण के सीईओ को बैलेट पेपर और सामग्री का चार्ज दिया गया। वहीं एसीआर, जिला ट्रेजरी अधिकारी, डिविजनल वन अधिकारी, डीएफओ सामाजिक वानिकी, मुख्य कृषि अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त कर उन्हें विभिन्न प्रकार की ड्यूटी सौंपी गई।
नोडल अधिकारियों को हेल्पलाइन और शिकायत निवारण, जनशक्ति और प्रशिक्षण प्रबंधन, व्यय निगरानी, पोलिंग पार्टी को भेजना, चुनाव पर्यवेक्षकों के साथ संपर्क बनाए रखने, ईवीएम की सुरक्षा और मतदान कर्मचारियों के साथ तालमेल रखने, मीडिया संचार, संचार योजना, कर्मचारियों का डाटा और परिवहन प्रबंधन योजना का कंप्यूटरीकरण करना आदि ड्यूटी सौंपी गई। वहीं डीसी ने सभी आरओ और एआरओ को पहले से पहचाने गए मतदान केंद्रों पर जाने और उन तक पहुंच के बारे में जानकारी प्रस्तुत करने के अलावा रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के लिए हेड क्वार्टर की स्थापना करना, सुरक्षा और अन्य सुविधाएं जैसे बैठने की व्यवस्था, बिजली इत्यादि की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
डीसी ने एडीसी से मतदान केंद्रों के निरीक्षण की निगरानी करने और चुनावों के सुचारू संचालन के लिए समय पर अच्छी तरह से स्थान पर सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने सभी लाइन विभागों के अधिकारियों को चुनाव सेल के समन्वय में काम करने और अधिकतम लोकतांत्रिक भागीदारी के लिए जनता के बीच जन जागरूकता शुरू करने के निर्देश दिए। डीसी ने मॉडल आचार संहिता को जांचने के लिए फ्लाइंग स्क्वयाड का गठन करने के निर्देश भी दिए।