स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर शिक्षा विभाग के खिलाफ किए गए प्रदर्शन का वीडियो वायरल करने वाले मास्टर को सीईओ ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब तलब किया है।
सीईओ राजोरी चौधरी लाल हुसैन की तरफ से जारी शोकॉज नोटिस के अनुसार कुछ दिन पहले थन्नामंडी शिक्षा जोन के तहत पड़ने वाले सरकारी मिडिल स्कूल के एक मास्टर मोहम्मद काजी ने बॉर्डर मेल न्यूज नामक एक व्हाटस ऐप ग्रुप में एक वीडियो अपलोड किया था। वीडियो में कालाकोट सब डिवीजन के गलहान इलाके के सरकारी हाई स्कूल के बच्चे और उनके अभिभावक स्कूल में ताले लगा कर शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेेबाजी करते दिखाए गए थे।
जांच करने पर पाया गया कि जो वीडियो मास्टर ने ग्रुप में शेयर किया था, वह बहुत पहले का था। मास्टर ने उस दिन वीडियो वायरल कर शिक्षा विभाग की छवि को खराब किया है। शिक्षा विभाग में ही काम करते हुए शिक्षा विभाग के खिलाफ ही वीडियो को वायरल कर विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाया गया है। सीईओ ने नोटिस में लिखा है कि मास्टर ने सर्विस नियमों का उल्लंघन किया है। सीईओ ने मास्टर को शोकॉज नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा है।