आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा से जुड़े द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के आतंकियों व मददगारों के जम्मू-कश्मीर में चार ठिकानों पर शनिवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने छापा मारा। बारामुला, कुपवाड़ा, पुलवामा और शोपियां में कार्रवाई के दौरान दो मददगारों (ओवर ग्राउंड वर्कर) को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई संगठन की ओर से युवाओं को बरगलाने, कट्टरपंथी बनाने और संगठन में भर्ती करने के मामले में हुई। इस दौरान कई डिजिटल सबूत और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
आईईडी बनाने वाली सामग्री, जिहादी साहित्य मिला
एनआईए के प्रवक्ता के अनुसार छापे के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड व मेमोरी कार्ड बरामद किए गए। इसके साथ ही आईईडी बनाने वाली सामग्री, जिहादी साहित्य व पोस्टर भी कब्जे में लिए। छापे के दौरान टीआरएफ के दो ओवर ग्राउंड वर्कर को गिरफ्तार किया गया जो पाकिस्तान के हैंडलर के लगातार संपर्क में थे।
आतंकी गतिविधियों के लिए सुविधाएं मुहैया कराते थे
वे इलाके में आतंकी गतिविधियों के लिए सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही युवाओं को कट्टर बनाते हुए संगठन में नए युवाओं की भर्ती में सहयोग करते थे। गिरफ्तार ओवर ग्राउंड वर्कर में बारामुला के फतेहपोरा निवासी मुज्जमिल मुश्ताक भट तथा कुपवाड़ा के वारपोरा के फैयाज अहमद खान शामिल हैं। प्रवक्ता के अनुसार मामले की जांच जारी है।
विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था
टीआरएफ कमांडर सज्जाद गुल युवाओं को हमले के लिए कर रहा था। इस संबंध में 18 नवंबर 2021 को यूएपीए की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के अनुसार टीआरएफ के कमांडर सज्जाद गुल जम्मू-कश्मीर में हिंसक गतिविधियों के लिए युवाओं की भर्ती करने के साथ ही उन्हें कट्टर बनाने में लगा हुआ था।
हमले के लिए ओवर ग्राउंड वर्कर की भर्ती
वह पाकिस्तान के लश्कर कमांडरों के साथ मिलकर पहले से चयनित टारगेट की रेकी और सुरक्षा बलों पर हमले के लिए ओवर ग्राउंड वर्कर की भर्ती, इलाके में सक्रिय लश्कर व टीआरएफ आतंकियों के रहने, खाने-पीने और परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही हथियार भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की साजिश में जुटा था।
श्रीनगर में छापा मारकर जांच एजेंसी ने टीआरएफ आतंकी पकड़ा
इस मामले में लश्कर-टीआरएफ कमांडरों सज्जाद गुल, सलीम रहमानी उर्फ अबू साद, सैफुल्लाह साजिद समेत चार आतंकियों की एनआईए को तलाश है। 30 दिसंबर 2021 को श्रीनगर में छापा मारकर जांच एजेंसी ने टीआरएफ ऑपरेटिव अरसलान फिरोज उर्फ अरसलान सौब को गिरफ्तार किया था।