पुंछ। नगर के मोहल्ला डुंगस में बुधवार देर रात एक साथ तीन दोपहिया वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई। इसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद तीन युवक माैके से फरार हो गए।
हादसे का पता चलते ही आसपास के लोग एवं एसएचओ पुंछ मुख्तेयार अली माैके पर पहुंचे और घायल युवक को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उसका उपचार जारी है। घायल युवक की पहचान इशतेयाक अहमद पुत्र मोहम्मद सदीक निवासी गांव धुंधक तहसील सुरनकोट के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार देर रात 9 बजे नगर के मोहल्ला डुंगस में पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग चौक पर दो स्कूटियों और एक मोटरसाइकिल की आपस में भिंड़त हो गई। तीनों वाहन और उनके सवार दूर तक सड़क पर घसीटते हुए चले गए। इस घटना के बाद पुलिस ने फरार होने वाले युवकों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है।