पहाड़ी गांवों में भूड़-बतरियों के झुंड के रूप में घूम रहे भालू
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। जिले की सुरनकोट तहसील के गांव फजलाबाद नाढ़ में रविवार को जंगली भालू के हमले में एक 45 वर्षीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपजिला अस्पताल सुरनकोट में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है ग्रामीण का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ हैं।
उपचार कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि घायल की स्थिति सामान्य होने पर इसे प्लास्टिक सर्जरी के लिए किसी बड़े अस्पताल में भेजना पड़ेगा। घायल की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद नजीर पुत्र अब्दुला निवासी फजलाबाद नाढ़ के रूप में हुई है। घायल के रिश्तेदारों का कहना है कि मोहम्मद नजीर घर से कुछ दूरी पर जंगल के बाहर मवेशियों के साथ था कि अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। जिससे उसके चेहरे को भालू ने बुरी तरह नोच डाला है। इन लोगों का कहना है कि सुरनकोट तहसील में भालू ने आतंक मचा रखा है करीब करीब हर गांव में एक साथ कई भालू ऐसे घूमते हैं जैसे भेड़ बकरियां हों। परंतु उन्हें पकड़कर ग्रामीण क्षेत्रों से दूर रखने के लिए वाइल्डलाइफ कोई कदम नहीं उठा रहा है। इससे लोग दहशत में जी रहे हैं।