एक की हालत नाजुक, एक हफ्ते में लोरन में यह पांचवीं घटना
पुंछ। जिले की मंडी तहसील में शुक्रवार को भालू के हमले में दो ग्रामीण घायल हो गए। लोगों ने चारपाई पर उठाकर करीब एक घंटा पैदल चलकर सड़क पर पहुंचाया। यहां से उन्हें उप जिला अस्पताल मंडी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत को नाजुक देखते हुए श्रीनगर रेफर कर दिया। दूसरे घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान मोहम्मद हिसाक और मोहम्मद फारूक निवासी लोरन बराछड़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आज दोपहर को मंडी तहसील के गांव लोरन बराछड़ निवास मोहम्मद हिसाक अपने घर के पास खेतों में काम कर रहा था कि एक भालू ने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह जान बचाने के लिए चिल्लाने लगा तो आस पास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े तब तक भालू ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। लोगों ने किसी तरह उसे भालू के चंगुल से बचाया। इस बीच भागते हुए भालू ने मोहम्मद फारूक को भी घायल कर दिया। इसके बाद दोनों को मंडी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से हिसाक को श्रीनगर रेफर कर दिया गया। गौरतलब है कि लोरन क्षेत्र में एक हफ्ते में जंगली भालू के हमले की यह पांचवीं घटना है ।