शहीद बाबू राम मेमोरियल टीटी टूर्नामेंट संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। स्पोर्ट्स स्टेडियम के नए इंडोर टेबल टेनिस हाल में पिछले 9 दिनों से जारी शहीद एएसआई बाबू राम मेमोरियल टीटी टूर्नामेंट शनिवार देर शाम को संपन्न हो गया। इसके फाइनल मुकाबलों में लड़कों में फैसल मीर को 2-3 से हराकर रिधिक कपूर विजेता बने।
वहीं, लड़कियों के फाइनल में आरूशिका डाबर को 2-3 से हराकर वंशिका रैना विजेता बनी। शनिवार शाम 7 बजे पुंछ में शहीद एएसआई अशोक चक्र बाबूराम शर्मा मेमोरियल टीटी टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले करवाए गए। इसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग अधिकारी मूलराज उत्तम और टूर्नामेंट के समन्वयक विजय कुमार ने की। एएसपी मुशीम अहमद और एसएसपी युगल मन्हास इसके मुख्य अतिथी रहे, जबकि बाबूराम के परिवार की तरफ से अमित कुमार इसके विशेष अतिथि रहे।
रिधिक कपूर और फैसल मीर के बीच हुए मैच में फैजल मीर ने पांच में से दो, जबकि रिधिक कपूर ने तीन सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं, लड़कियों में आरूषिका डाबर के दो सेटों के मुकाबले वंशिका ने तीन सेट जीतकर फाइनल जीत लिया। मुख्य अतिथि विजेताओं को दो हजार रुपये का चेक और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। वहीं नन्हीं खिलाड़ी एशले गुप्ता को उभरता हुआ खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एसएसपी ने बाबूराम शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डिग्री काॅलेज के प्रिंसिपल जसबीर सिंह सूदन, नरेंद्र सिंह, देवेंद्र डाबर को टेबल टेनिस को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित किया गया। संवाद