सुरक्षाबलों ने देर रात तक चलाया तलाशी अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के निकटवर्ती नंगाली साहब ब्लाक के कंडियारा क्षेत्र में शनिवार देर शाम को दो से तीन हथियारबंद संदिग्ध दिखे। सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। यह अभियान देर रात तक जारी रहा।
जानकारी के अनुसार देर शाम को सुरक्षाबलों को कंडियारा क्षेत्र में दो से तीन हथियारबंद संदिग्ध देखे जाने की लोगों को सूचना दी गई। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुंछ पुलिस, एसओजी, सीआरपीएफ और क्षेत्र में तैनात सेना के जवानों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। तलाशी अभियान के कुछ समय बाद ही अंधेरा होने के बावजूद सुरक्षाबलों ने अभियान को जारी रखा है। गौरतलब है कि नंगाली साहब ब्लाक भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा का निकटवर्ती क्षेत्र है। इसके चलते संदिग्धों की सूचना मिलने के साथ ही सुरक्षाबलों की तरफ से कार्रवाई शुरू कर दी है।