संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। पुंछ के सुरनकोट में शनिवार को सुरक्षाबलों ने आतंकियों की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए आतंकी ठिकाने को ध्वस्त किया। यहां से तीन हैंड ग्रेनेड और गोलियां बरामद की गई हैं। सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरा लिया है।
एसएसपी पुंछ शफकत हुसैन के अनुसार, आतंकियों ती तलाश में पुलिस ने एसओजी और सेना के साथ मिलकर शुक्रवार देर शाम से सुरनकोट तहसील में तलाशी अभियान चलाया हुआ था। जवान शनिवार को बहरामगल्ला के डैर डोक क्षेत्र को खंगाल रहे थे। इस दौरान जंगल में आतंकियों का एक ठिकाना मिला। आतंकियों ने यहां तीन हैंड ग्रेनेड और एके राइफल की 14 व पिस्टल की 6 गोलियां छिपाकर रखी थीं। एक वायर कटर, एक चाकू, दो मोबाइल डेटा ट्रांसफर केबल, चार पेंसिल सेल, एक राॅड और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। बम निरोधक दस्ते को बुलाकर हैंड ग्रेनेड को घटनास्थल पर ही विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया। सेना पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चला रही है। गौरतलब है कि जिले में आतंकियों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।